पटना न्यूज डेस्क: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पीए बनकर टिकट और पद दिलाने का झांसा देने वाले एक ठग को पटना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक का नाम रजत कुमार है, जो हरियाणा का रहने वाला है। वह खुद को राहुल गांधी का निजी सहायक कनिष्क सिंह बताकर कांग्रेस नेताओं से संपर्क करता था। पुलिस ने उसे पटना के गांधी मैदान इलाके स्थित एक होटल से धर दबोचा, जबकि उसका साथी और इस पूरे फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड गौरव शर्मा फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, यह गिरोह उन राज्यों के नेताओं को निशाना बना रहा था, जहां चुनाव होने वाले हैं या संगठन में बदलाव की संभावना है। ये लोग नेताओं को पार्टी में बड़े पद दिलवाने का लालच देते थे और इसके बदले मोटी रकम वसूलते थे। बताया गया है कि गौरव शर्मा ने बिहार कांग्रेस के नेता प्रवीण कुशवाहा को भी कॉल कर उन्हें कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाने के बदले 15-20 लाख रुपये मांगे थे। सौदा तय होने के बाद गौरव और रजत पटना पहुंचे और एक होटल में रुके। प्रवीण ने अपने प्रतिनिधि के जरिए 2 लाख रुपये होटल में भिजवाए, लेकिन शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए होटल में छापा मारा और रजत को गिरफ्तार कर लिया, जबकि गौरव भागने में सफल रहा। रजत के पास से आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। गांधी मैदान थाने में इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरोह ने और भी कई जगहों पर इसी तरह से ठगी की होगी और जल्द ही कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।